Ad Code

Responsive Advertisement

टूथपेस्ट ट्यूब पर लगे रंगों की वास्तविकता...

 टूथपेस्ट पर लगे रंगों का मतलब




हमारे जीवन में अक्सर ऐसी छोटी- मोटी चीजें होती रहती हैं जिस पर हम ध्यान नहीं देते और उसे नजरअंदाज कर देते हैं। कई बार होता है कि जिन चीजों का उपयोग हम हर दिन करते हैं, उनकी जानकारी नहीं लेते। ऐसी ही एक चीज हैं- टूथपेस्ट। गांव हो या शहर अब हर जगह के लोग टूथपेस्ट का इस्तेमाल करने लगे हैं। यही वजह है कि आज टूथपेस्ट की मार्केट बहुत बड़ी बन चुकी है इसीलिए रोजाना अलग-अलग कंपनियां तरह तरह के टूथपेस्ट मार्केट में लॉन्च कर रही है।

टूथपेस्ट तो आप सब इस्तेमाल करते हैं पर क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि टूथपेस्ट के पैक पर नीचे की तरफ अलग-अलग रंग की धारियां बनी होती है जो कि लाल, हरे, नीले, काले जैसे विभिन्न रंगों को दर्शाती है। आपको पता है कि इन अलग-अलग रंग की धारियों का मतलब क्या होता है? क्या ये टूथपेस्ट की किसी क्वालिटी को बताती है या सिर्फ डिज़ाइन के मकसद से लगी होती है? आज हम इस लेख में आपको इन धारियों का मतलब समझाने का प्रयास करेंगे।

अभी कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर यह बताया गया था कि टूथपेस्ट के ट्यूब पर हरे रंग की पट्टी का मतलब प्राकृतिक रूप से बना टूथपेस्ट, नीली पट्टी का मतलब दवा युक्त टूथपेस्ट, लाल पट्टी का मतलब प्राकृतिक और केमिकल युक्त टूथपेस्ट तथा काले रंग की पट्टी का मतलब पूरी तरह से केमिकल से बना टूथपेस्ट होता है।

दरअसल यह जानकारी पूरी तरह से गलत और भ्रामक है। ऐसी अफवाह उड़ाई गई थी कि काली पट्टी वाले टूथपेस्ट का उपयोग न करें क्योंकि यह केमिकल से बना होता है।साथ ही लाल रंग की पट्टी वाले टूथपेस्ट भी केमिकल से बने होते है, और यह भी बताया गया कि आप सिर्फ नीले और हरे रंग वाले टूथपेस्ट का ही उपयोग करें।

जब गूगल पर हमने की-वर्ड्स की मदद से इन कलर कोड्स के बारे में सर्च किया, तब हमें कोलगेट की वेबसाइट पर एक ब्लॉग मिला। इस ब्लॉग में यह साफ किया गया है कि ओरल केयर कंपनियां टूथपेस्ट के इंग्रीडिएंट्स ग्राहकों से छुपाने के लिए इन रंगीन स्क्वायर्स का इस्तेमाल नहीं करतीं।

इन रंगीन स्क्वायर्स का यह मकसद होता है कि उत्पादन के समय लाइट सेंसर्स को यह बताना कि टूथपेस्ट की ट्यूब कहां खत्म हो रही है और इसे कहां से काट कर सील करना है। टूथपेस्ट के इंग्रीडिएंट्स उसकी ट्यूब या फिर जिस बॉक्स में वह आता है उस पर लिखे होते हैं।

अमेरिकन डेंटल एसोसिएशन (ADA) के अनुसार, टूथपेस्ट जेल, पेस्ट या पाउडर के रूप में आते हैं। इनके इंग्रीडिएंट्स में थोड़ा-बहुत फर्क होता है, लेकिन आमतौर पर सभी टूथपेस्ट में एक जैसे जनरल कंपोनेंट्स होते हैं। अतः आप पट्टी के रंगों को देखकर नहीं बल्कि टूथपेस्ट के इनग्रेडिएंट्स को देखकर उसका चयन करें और अपने दांतों को हेल्थी बनाए रखें।

Post a Comment

0 Comments

Close Menu